PANIPAT AAJKAL , 24 मार्च : एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने वीरभवन चौक से श्रीराम चौक की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक युवक को अवैध देशी पिस्तौल व जिंदा रौंद सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान यूपी के यूपी के बस्ती जिले के झुगियां गांव निवासी अमन के रूप में हुई है।
एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि सोमवार शाम को उनकी एक टीम गश्त के दौरान देवी मंदिर के पास थी। तभी टीम को गुप्त सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म का एक युवक वीरभवन चौक से श्रीराम चौक की तरफ जाने वाले रास्ते पर पैदल घूम रहा है। युवक के पास अवैध हथियार होने की संभावना है। सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सामने खड़ा एक युवक पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान अमन पुत्र अरूण कुमार निवासी झुगिया बस्ती यूपी के रूप में बताई। तलाशी लेने पर युवक की जींस की जेब से एक देशी पिस्तौल बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर जांच की तो लोड मिला।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया उसको अवैध हथियार रखने का शौक है। वह तीन दिन पहले गांव से पानीपत आया था। यूपी से पानीपत आते समय ट्रेन में मिले एक अज्ञात युवक से उसने उक्त अवैध देसी पिस्तौल व जिंदा रौंद 10 हजार रूपए में खरीद था। बाद में दोस्तों में रौब जमाने के लिए वह पिस्तौल को साथ लेकर चलने लगा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध देसी पिस्तौल व एक जिंदा रौंद कब्जा पुलिस में लेकर आरोपी अमन के खिलाफ थाना किला में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर मंगलवार को पूछताछ के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।